रिपोर्ट : लाइव भारत / अमृतसर 07-मई (मनी शर्मा)
आईडी कार्ड मांगने पर भड़के छात्र, सिक्योरिटी गार्ड पर हमला घटना ने यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए गंभीर सवाल
अमृतसर: Guru Nanak Dev University से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां यूनिवर्सिटी परिसर में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड की कुछ छात्रों और बाहरी युवकों द्वारा कथित तौर पर पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि यूनिवर्सिटी गेट पर ड्यूटी कर रहे सिक्योरिटी गार्ड के साथ कुछ युवक मारपीट कर रहे हैं। इस घटना ने कैंपस सुरक्षा और प्रशासनिक प्रबंधों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा कर्मी खुद सुरक्षित नहीं हैं, तो छात्रों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।
आईडी कार्ड मांगने पर हुआ विवाद
मामले को लेकर यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी ड्यूटी अधिकारी ने बताया कि यूनिवर्सिटी में प्रवेश करने वाले कुछ युवकों से सिक्योरिटी गार्ड ने आईडी कार्ड मांगा था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हालांकि दूसरी ओर यह भी चर्चा है कि सिक्योरिटी गार्ड द्वारा छात्रों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था और पहले थप्पड़ भी मारा गया था, जिसके बाद गुस्से में आकर छात्रों ने हमला किया।
पुलिस जांच में जुटी
सिक्योरिटी अधिकारी के अनुसार मामला पुलिस के ध्यान में ला दिया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों में से एक युवक यूनिवर्सिटी का छात्र बताया जा रहा है, जबकि अन्य की पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो पाई है।
पहले भी हो चुके हैं विवाद
गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बार छात्रों और सिक्योरिटी कर्मचारियों के बीच विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई मौकों पर छात्रों द्वारा यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन और धरना भी दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर यूनिवर्सिटी प्रशासन और सुरक्षा प्रबंधन पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है कि कैंपस में लगातार बढ़ रहे विवादों को रोकने के लिए आखिर क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
REPORT: LIVE BHARAT MONEY SHARMA AMRITSAR
