लाइव भारत/ मनी शर्मा अमृतसर, 26 फरवरी 2026
अमृतसर: पंजाब की गुरुनगरी अमृतसर के पॉश इलाके गोल्डन एवेन्यू में कार पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही मोहल्ले के निवासी बताए जा रहे हैं। कार खड़ी करने को लेकर पहले कहासुनी हुई, लेकिन मामला जल्द ही बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया है ताकि उनके बयान दर्ज किए जा सकें।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
