लाइव भारत / मनी शर्मा अमृतसर- 24-अप्रैल -2026
पंजाब के गुरदासपुर जिले के कलानौर रोड पर स्थित एक गोदाम के बाहर खड़ी ट्रक-ट्रॉलियों की लंबी कतार एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। बीती रात करीब 2 किलोमीटर लंबी लाइन में सबसे पीछे खड़ी एक ट्रॉली में तेज रफ्तार कार जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, गेहूं (कणक) के सीजन के चलते गोदाम के बाहर ट्रकों और ट्रॉलियों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। लेबर की कमी के कारण वाहनों को कई-कई दिनों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे सड़क के दोनों ओर करीब 2-2 किलोमीटर तक जाम जैसी स्थिति बन जाती है। आधी सड़क घिरी होने के कारण यहां लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।
मौके पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन चढूनी के यूथ प्रदेश अध्यक्ष इंदरपाल सिंह बैंस ने बताया कि पिछले सीजन में भी यहां एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सीजन में पिछले 4-5 दिनों के भीतर ही तीन हादसे हो चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रक-ट्रॉलियों की पार्किंग के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है और गोदामों में मजदूरों की भारी कमी है, जिसके चलते वाहनों को 3-4 दिन तक खड़ा रहना पड़ता है। इस कारण सड़क पर जाम और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
किसान नेता ने प्रशासन से मांग की है कि इन लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए तत्काल ठोस इंतजाम किए जाएं। साथ ही गोदाम और शेलर मालिकों को पर्याप्त लेबर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि वाहनों की लंबी कतारें खत्म हो सकें और हादसों पर रोक लग सके।
