गुरदासपुर के पुलिस ASI सतनाम सिंह बने मिसाल, 7 साल से जरूरतमंदों को बांट रहे राशन, बेटियों के विवाह में देते हैं ₹5100 शगुन

0
20

लाइव भारत / अमृतसर 01-मई (मनी शर्मा)

पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक पुलिस कर्मी अपनी नेकदिली और सेवा भावना के चलते लोगों के लिए मिसाल बन गया है। आमतौर पर पुलिस को लेकर लोगों की सोच नकारात्मक रहती है, लेकिन गुरदासपुर के ASI सतनाम सिंह इस धारणा को बदलने का काम कर रहे हैं।

सतनाम सिंह पिछले करीब सात वर्षों से अपनी तनख्वाह में से हर महीने लगभग 40 जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरित कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इलाके में किसी भी जरूरतमंद परिवार की बेटी का विवाह होने पर वे अपनी ओर से 5100 रुपये शगुन के रूप में देते हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए ASI सतनाम सिंह ने बताया कि वे लंबे समय से समाज सेवा से जुड़े हुए हैं और अपनी कमाई का एक हिस्सा जरूरतमंदों की मदद में लगाते हैं। उन्होंने बताया कि एक होनहार लड़की, जो आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई नहीं कर पा रही थी, उसकी पढ़ाई का पूरा खर्च उन्होंने खुद उठाया, जिसमें लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए। अब वह लड़की अपनी पढ़ाई पूरी कर चुकी है और उसका सपना IAS बनने का है।

सतनाम सिंह ने बताया कि कोरोना काल के दौरान भी उन्होंने लोगों की बढ़-चढ़कर मदद की। इसके अलावा बाढ़ जैसी आपदा के समय भी वे जरूरतमंदों के साथ खड़े रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे यह सारी सेवा अपनी जेब से करते हैं और आज तक किसी से एक भी रुपया नहीं लिया।

उन्होंने कहा कि कई लोग उन्हें आर्थिक मदद देने की पेशकश करते हैं, लेकिन वे सभी से यही कहते हैं कि अगर सेवा करनी है तो खुद आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें।

अंत में उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे भी अपनी नेक कमाई का कुछ हिस्सा जरूरतमंदों के लिए जरूर निकालें, ताकि समाज में आपसी सहयोग और इंसानियत की भावना मजबूत हो सके।