गुरदासपुर के गांव नैणेकोट में डबल मर्डर: जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई और भाभी की गोली मारकर की हत्या

0
40

9 किल्ले जमीन के विवाद ने लिया खूनी रूप, आरोपी ने पुलिस के सामने किया सरेंडर

रिपोर्ट: लाइव भारत / 13-मई (मनी शर्मा)

पंजाब के गुरदासपुर जिले के थाना काहनूवान अधीन गांव नैणेकोट में जमीन विवाद को लेकर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज डबल मर्डर मामला सामने आया है। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने छोटे भाई और भाभी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

मृतकों की पहचान अजयब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ अंबा ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पहले उसने गांव के बाहर स्थित पोल्ट्री फार्म के रास्ते में अपने छोटे भाई अजयब सिंह पर गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घर पहुंचा और वहां मौजूद कमल कौर को भी गोली मार दी।

घटना के बाद पूरे गांव नैणेकोट में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों ने बताया कि तीनों भाइयों के बीच जमीन-जायदाद को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। परिवार पहले Jamshedpur में रहता था, लेकिन कुछ समय पहले सभी अपने पैतृक गांव नैणेकोट में आकर अलग-अलग घरों में रहने लगे थे।

रिश्तेदार हरजीत सिंह के अनुसार करीब 9 किल्ले जमीन के बंटवारे को लेकर पिछले एक साल से विवाद जारी था। पंचायत स्तर पर कई बार समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन दोनों पक्ष किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सके। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद सामने आई है। आरोपी अमरजीत सिंह पुत्र हरभजन सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी हथियार भी कब्जे में ले लिया है।

घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।