गुरजीत सिंह औजला लोगों के लिए खुद सड़कों पर उतरे, एयरपोर्ट रोड की ट्रैफिक समस्या के समाधान की बड़ी पहल

0
9

लाइव भारत/ मनी शर्मा अमृतसर, 26 फरवरी 2026

अमृतसर। एयरपोर्ट रोड पर लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या को गंभीरता से लेते हुए अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला स्वयं सड़कों पर उतरे और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जमीनी स्तर पर हालात का जायजा लिया,वहीं मौके पर अधिकारियों को जरुरी दिशा निर्देश भी दिए।

सांसद औजला ने गुमटाला बायपास , गुमटाला फ्लाईओवर, इनआउट बेकरी के बाहर, मजीठा रोड पर ग्रेवाल फार्म और अन्य फार्मों के बाहर , लोहारका रोड और एयरपोर्ट रोड के अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान गुमटाला बायपास फ्लाईओवर के पास सर्विस लेन प्रस्तावित करने और सड़क को आगे तक विस्तारित करने की बात कही गई। इसके साथ ही गुमटाला से लोहारका रोड तक नाले के साथ-साथ नई सड़क बनाने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके और लोगों को वैकल्पिक मार्ग मिल सके।

इसके बाद मजीठा रोड बाईपास पर ग्रेवाल फार्म के पास ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए दो नए कट लगाने तथा वहां ट्रैफिक लाइटें स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया। सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की शुरुआत ट्रैफिक सिग्नल लगाने से की जाए। गुमटाला के नीचे और इनआउट बेकरी के बाहर भी ट्रैफिक सिग्नल लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे जाम की समस्या पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।

सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट रोड पर जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई बार यात्रियों को भारी ट्रैफिक के कारण अपनी उड़ान तक छोड़नी पड़ती है। यह न केवल आम जनता के लिए परेशानी का कारण है, बल्कि शहर की छवि पर भी असर डालता है।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ चरणबद्ध योजना तैयार कर जल्द अमल में लाने के निर्देश दिए। सड़क चौड़ी करने, सर्विस लेन निर्माण, नए कट और ट्रैफिक सिग्नल के माध्यम से इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व विधायक राज कुमार वेरका, पूर्व विधायक जुगल किशोर शर्मा और कांग्रेस जिला प्रधान मिट्ठू मदान भी उपस्थित रहे।
सांसद ने भरोसा दिलाया कि एयरपोर्ट रोड की ट्रैफिक समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा और जल्द ही शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी।