Site icon Live Bharat

खेतों की आड़ में नशा तस्करी का बड़ा खुलासा, 10 आरोपी हथियारों सहित गिरफ्तार

लाइव भारत/ मनी शर्मा अमृतसर, 26 फरवरी 2026

पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। खेतों की आड़ में चिट्टे (हेरोइन) का कारोबार करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 10 आरोपियों को मारू हथियारों सहित गिरफ्तार किया है।

खेती की आड़ में चलता था चिट्टा तस्करी का नेटवर्क

जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी खेती का काम करने की आड़ में लंबे समय से चिट्टा तस्करी में लिप्त था। गांव और आसपास के इलाकों में वह सप्लाई चेन के जरिए नशा पहुंचाता था। तस्करी से कमाए गए पैसों से आरोपी ने गांव में एक बड़ी और आलीशान कोठी भी खड़ी कर ली थी, जिससे स्थानीय लोगों में भी हैरानी का माहौल था।

पुलिस ने तोड़ा पूरा सिंडिकेट

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चिट्टा, मारू हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था और नशे की सप्लाई कई इलाकों तक फैली हुई थी। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संभावित लिंक की भी जांच कर रही है।

नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

 

Exit mobile version