Site icon Live Bharat

कनाडा में पेपर आर्टिस्ट गुरप्रीत सिंह ने तैयार किया श्री अकाल तख्त साहिब का विशेष मॉडल, जून 1984 की त्रासदी को किया जीवंत

रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 05-जून (मनी शर्मा)

अमृतसर के प्रसिद्ध पेपर आर्टिस्ट गुरप्रीत सिंह ने कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में जून 1984 के शहीदों की स्मृति को समर्पित श्री अकाल तख्त साहिब का एक विशेष मॉडल तैयार किया है। इस अनूठे मॉडल के माध्यम से जून 1984 की घटनाओं और उस दौरान हुए नुकसान को बेहद बारीकी से दर्शाया गया है।

मॉडल में श्री अकाल तख्त साहिब की उन दीवारों, खिड़कियों और दरवाजों को दर्शाया गया है, जो उस समय गोलियों, तोपों और टैंकों की मार से प्रभावित हुए थे। गुरप्रीत सिंह ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के जरिए उस दर्दनाक दौर की यादों को जीवंत करने का प्रयास किया है।गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इस मॉडल को तैयार करने में लगभग 20 से 25 दिन का समय लगा। इसके निर्माण में सॉलिड वुड और फाइबर का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि जून महीने के दौरान इस मॉडल को संगतों के दर्शन और अवलोकन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को सिख इतिहास और विरासत से जोड़ने में मदद मिल सके।

उन्होंने कहा कि जून 1984 की घटनाओं को 42 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन सिख समुदाय आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। उनका मानना है कि इतिहास को संजोकर रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।

गुरप्रीत सिंह इससे पहले भी दसों पातशाहियों के जन्म स्थानों तथा कई अन्य ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के मॉडल तैयार कर चुके हैं। उनकी कला का प्रदर्शन फ्रांस, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, मलेशिया, सिंगापुर और फिलीपींस सहित कई देशों में किया जा चुका है।उनकी उत्कृष्ट कला और सांस्कृतिक योगदान के लिए कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका की सरकारों द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। गुरप्रीत सिंह का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य संगतों, विशेषकर युवाओं को अपने इतिहास और विरासत से जोड़ना तथा उन्हें अपनी जड़ों से परिचित कराना है।

 

Exit mobile version