Site icon Live Bharat

अमृतसर में 27 जून को होगा ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम, भजनों की प्रस्तुति देंगे हंसराज रघुवंशी

रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 23-जून (मनी शर्मा)

सनातन धर्म हमारी जीवनशैली और विरासत का आधार: दीपक बाली

नई पीढ़ी तक सनातन संस्कार पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी: दीपक बाली

अमृतसर। पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों विभाग के सलाहकार *दीपक बाली* ने आम आदमी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और सनातन सेवा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 27 जून को अमृतसर में होने वाले विशेष धार्मिक कार्यक्रम *‘एक शाम भगवान शिव के नाम’* की जानकारी साझा की।

दीपक बाली ने कहा कि *सनातन धर्म हमारी जीवनशैली, संस्कृति और विरासत का मूल आधार है।* उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह अपने पूर्वजों से मिले सनातन मूल्यों और संस्कारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाए। इसी उद्देश्य से समय-समय पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना आवश्यक है, ताकि युवा पीढ़ी अपने धार्मिक और सांस्कृतिक विरसे से जुड़ी रहे।

उन्होंने बताया कि *27 जून को शाम 6:30 बजे अमृतसर के रंजीत एवेन्यू में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।* इस दौरान भगवान शिव की महिमा का गुणगान, भजन संध्या और आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म और अध्यात्म से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

दीपक बाली ने बताया कि प्रसिद्ध भजन गायक *हंसराज रघुवंशी* इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और भगवान शिव की महिमा में अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और अमृतसर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

उन्होंने कहा कि अमृतसर एक धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी है, जहां लोगों की धार्मिक आस्था बेहद मजबूत है। उन्हें विश्वास है कि भगवान शिव में श्रद्धा रखने वाले हजारों भक्त इस कार्यक्रम में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर सनातन सेवा समिति के पदाधिकारी, आम आदमी पार्टी के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

 

 

Exit mobile version