लाइव भारत / मनी शर्मा अमृतसर 07-मार्च-2026
पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत आज अमृतसर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फतेह सिंह कॉलोनी में एक कथित ड्रग तस्कर की अवैध संपत्ति को ढहा दिया। यह कार्रवाई पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann के नेतृत्व में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई।
जिला प्रशासन और नगर निगम अमृतसर की टीम ने पुलिस स्टेशन सदर के अधिकार क्षेत्र में आने वाली फतेह सिंह कॉलोनी, 88 फुट रोड स्थित एक अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। यह संपत्ति ईशू पुत्र अमरनाथ निवासी गली नंबर 11 की बताई जा रही है, जो कथित तौर पर नशे की तस्करी में शामिल है। उसके भाई प्रिंस का नाम भी ड्रग तस्करी से जुड़े मामलों में सामने आया है।
पुलिस के अनुसार ईशू (25) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कुल चार मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 और 2024 में थाना सदर अमृतसर में दर्ज मामले शामिल हैं, जबकि 2019 में भी उसके खिलाफ चोरी और लूट से संबंधित केस दर्ज किए गए थे। फिलहाल वह जेल से बाहर बताया जा रहा है।
वहीं उसके भाई प्रिंस के खिलाफ भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2025 में दर्ज मामला और 2021 में बटाला के घुम्मण थाने में अपहरण, आईपीसी की धाराओं तथा POCSO एक्ट के तहत दर्ज केस शामिल है।
अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई ड्रग तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ चल रही विशेष मुहिम का हिस्सा है। प्रशासन का कहना है कि नशे के पैसों से खड़ी की गई किसी भी अवैध संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने कहा कि ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसी कार्रवाइयों का उद्देश्य यह स्पष्ट संदेश देना है कि नशे के कारोबार से बनाई गई संपत्तियां अब सुरक्षित नहीं रहेंगी।
पुलिस ने आम जनता से भी नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सूचना पंजाब पुलिस की एंटी-ड्रग हेल्पलाइन *97791-00200* या एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन *93946-93946* (कॉल/व्हाट्सऐप) पर दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और गैंगस्टरों की गिरफ्तारी में मददगार सूचना पर *10 लाख रुपये तक का इनाम* भी दिया जा सकता है।
“युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के आंकड़े
पुलिस के मुताबिक *1 मार्च 2025 से 6 मार्च 2026* तक चलाए गए अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत *1825 मामले दर्ज* किए गए और *3238 आरोपियों को गिरफ्तार* किया गया।
इस दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए, जिनमें
* 274.906 किलोग्राम हेरोइन
* 31.876 किलोग्राम अफीम
* 6.394 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (आइस ड्रग)
* 9 किलोग्राम गांजा
* 15.885 किलोग्राम चरस
* 0.112 किलोग्राम कोकीन
* 325.492 किलोग्राम नशीला पाउडर
* 25 किलोग्राम भुक्की
इसके अलावा *1,550 इंजेक्शन और 1,96,880 नशीली गोलियां/कैप्सूल* बरामद किए गए। पुलिस ने *3,10,68,125 रुपये की ड्रग मनी* भी जब्त की है।
ड्रग तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे *133 वाहनों* को भी जब्त किया गया, जिनमें 36 चार पहिया, 3 तीन पहिया और 94 दो पहिया वाहन शामिल हैं।
प्रशासन ने कहा कि “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत पूरे जिले में नशे की तस्करी और इसके दुरुपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




