अमृतसर पुलिस ने टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम की, जग्गू भगवानपुरिया गैंग के 2 आरोपी गिरफ्तार

0
67
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 23-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टारगेट किलिंग की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक सक्रिय शूटर भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई थाना इस्लामाबाद के अंतर्गत फतेहपुर इलाके में की गई। उन्होंने बताया कि सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों ने रुकने की बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुलिस कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसके हाथ से पिस्तौल नीचे गिर गई। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलबीर सिंह निवासी गांव धाड़े फतेह सिंह, थाना बुल्लोवाल, जिला होशियारपुर और जशनदीप सिंह उर्फ माया निवासी पट्टी चंबल, थाना छेहरटा, अमृतसर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर अंकुश बहमन के संपर्क में थे। उन्हें दो विरोधी गैंग सदस्यों की हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई के कारण यह टारगेट किलिंग की साजिश विफल हो गई।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। घायल आरोपी कुलबीर सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और चोरी के चार मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं जशनदीप सिंह उर्फ माया के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर मेड इन चाइना पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और दो खाली खोल बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना इस्लामाबाद में एफआईआर नंबर 152 दिनांक 23 मई 2026 को बीएनएस की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर शहर में गैंगस्टर गतिविधियों और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।