अमृतसर के भंडारी पुल पर चलती स्कॉर्पियो में लगी आग, पुलिसकर्मी की बताई जा रही गाड़ी पूरी तरह जली
अमृतसर 25-02-2026 (मनी शर्मा ) देर रात अमृतसर के भंडारी पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क पर चल रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन सड़क पर ही जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो गाड़ी अमृतसर देहाती पुलिस के एक मुलाजिम की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गाड़ी अल्फा वन की ओर से भंडारी पुल की तरफ आ रही थी। जैसे ही वाहन पुल के नजदीक पहुंचा, अचानक उसमें आग लग गई।
दो सवारों ने कूदकर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय आग लगी उस वक्त गाड़ी में दो लोग सवार थे। आग लगते ही दोनों ने तुरंत गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गाड़ी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
सड़क पर लगा लंबा जाम
घटना के बाद भंडारी पुल पर ट्रैफिक जाम लग गया। जलती गाड़ी के कारण सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई गाड़ी को सड़क से हटाकर ट्रैफिक बहाल किया गया।
घटनास्थल पर सड़क पर आग के निशान भी देखे गए, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आग कितनी भीषण थी।
तकनीकी खराबी की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गाड़ी का कोई एक्सीडेंट नहीं हुआ था और न ही किसी अन्य वाहन से टक्कर की सूचना है। वाहन ओवरस्पीड में भी नहीं था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आग किसी तकनीकी खराबी (टेक्निकल इश्यू) के कारण लगी।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।




