अमृतसर के पायलट स्वराजदीप सिंह की एयर एंबुलेंस विमान हादसे में मौत, इलाके में शोक की लहर

0
23

अमृतसर के पायलट स्वराजदीप सिंह की एयर एंबुलेंस विमान हादसे में मौत, इलाके में शोक की लहर

अमृतसर | सुल्तानविंड रोड | गोबिंद नगर

24-02-2026 (मनी शर्मा ) अमृतसर के सुल्तानविंड रोड स्थित गोबिंद नगर इलाके में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब यह खबर मिली कि क्षेत्र के रहने वाले पायलट स्वराजदीप सिंह की एयर एंबुलेंस विमान दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई है। यह हादसा झारखंड के पास हुआ, जब रांची से दिल्ली आ रही एयर एंबुलेंस अचानक क्रैश हो गई।

रांची से दिल्ली आ रही थी एयर एंबुलेंस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पायलट स्वराजदीप सिंह एक मरीज को लेकर रांची से दिल्ली जा रहे थे। विमान में कुल सात क्रू सदस्य सवार थे। दुख की बात है कि इस हादसे में सभी क्रू सदस्यों सहित पायलट स्वराजदीप सिंह की मृत्यु हो गई।

डेढ़ साल पहले ही जॉइन की थी ड्यूटी

स्वराजदीप सिंह ने करीब डेढ़ साल पहले ही अपनी ड्यूटी जॉइन की थी। वे एक होनहार और जिम्मेदार पायलट थे। परिवार के अनुसार वे अपने काम के प्रति बेहद निष्ठावान थे। उनका एक छोटा सा बच्चा भी है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिवार का रो-रो कर बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरा मोहल्ला परिवार के साथ खड़ा है और दुख साझा कर रहा है। गोबिंद नगर के निवासियों ने बताया कि स्वराजदीप सिंह बेहद नेकदिल इंसान थे और उन्होंने अपने माता-पिता का नाम रोशन किया था।

काउंसलर पंडोरी का बयान

मोहल्ले के काउंसलर पंडोरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। जवान बेटे का इस तरह दुनिया से चले जाना माता-पिता के लिए सबसे बड़ा दुख होता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि एविएशन सुरक्षा की ओर अधिक ध्यान दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।

हादसे की जांच जारी

हालांकि हादसे के कारणों को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।