Site icon Live Bharat

अमृतसर के गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से जलीं चानणियां, बड़ा हादसा टला

रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 27-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर: पंजाब के ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब (शहीदां साहिब) में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गुरुद्वारा परिसर में लगी चानणियों (सजावटी कपड़ों) में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसके चलते कपड़े की बनी चानणियों ने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही देर में लपटें फैलने लगीं।

आग लगने की घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में मौजूद संगत और सेवादारों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। पानी की बाल्टियों और पाइपों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 40 से 50 सेवादारों और श्रद्धालुओं ने मिलकर आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी तत्परता के चलते कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ

घटना के बाद गुरुद्वारा प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जली हुई चानणियों को हटाने का काम शुरू किया और नई चानणियां लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। प्रबंधन का कहना है कि संगत की सुविधा और गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं जल्द बहाल कर दी जाएंगी।

इस संबंध में गुरदयाल सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि आग अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। उन्होंने कहा कि यदि संगत और सेवादार समय रहते आगे न आते तो बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने सभी ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों पर 24 घंटे फायर सेफ्टी व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण और पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी की।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया जाए, ताकि संगत की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Exit mobile version