अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी सफलता, ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

0
14
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 15-जुलाई (मनी शर्मा)

अमृतसर में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, हैंड ग्रेनेड और ग्लॉक पिस्टल के साथ 24 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर:पंजाब पुलिस की आतंकवाद के खिलाफ *जीरो टॉलरेंस नीति* के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी *ISI* से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 24 वर्षीय *सुमित कुमार उर्फ पंडित* को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से *एक हैंड ग्रेनेड, एक आधुनिक 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल* बरामद की है। प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी को पंजाब में दहशत और अशांति फैलाने के लिए तैयार किया जा रहा था।

पुलिस कमिश्नर *गुरप्रीत सिंह भुल्लर* ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आरोपी मूल रूप से *रूपनगर (रोपड़)* जिले का रहने वाला है। वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में नामजद होने के बाद वह अमृतसर ग्रामीण के *पंडोरी गांव* में अपने रिश्तेदारों के पास रहने लगा और पास की एक कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रहा था। इसी दौरान पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलरों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे संपर्क किया और पैसे तथा विदेश भेजने का लालच देकर उसे आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करना शुरू कर दिया।

पुलिस संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों को बनाया गया था निशाना

पुलिस के अनुसार आरोपी को पुलिस प्रतिष्ठानों पर *हैंड ग्रेनेड हमला*, पुलिस टीम पर फायरिंग तथा भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर हमला कर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के निर्देश दिए गए थे। इसके बदले उसे मोटी रकम और विदेश भेजने का झूठा लालच दिया गया था। आरोपी किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।

मोबाइल फोन से मिले अहम डिजिटल सबूत

कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह कार्रवाई *सीआईए स्टाफ और कमिश्नरेट पुलिस* की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। इनमें हैंड ग्रेनेड और हथियारों के इस्तेमाल, उन्हें छिपाने, रेकी करने तथा पुलिस से बचने के तरीकों से जुड़े वीडियो और निर्देश शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को रेकी के दौरान अपने साथ परिवार की किसी महिला सदस्य को ले जाने के लिए कहा गया था, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो।

सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अमृतसर के संवेदनशील क्षेत्रों में हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों की तैनाती भी बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता और समय पर कार्रवाई के चलते एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया गया।

युवाओं से पुलिस की खास अपील

गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पंजाब के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि ISI आर्थिक रूप से कमजोर या आपराधिक मामलों में फंसे युवाओं को पैसों और विदेश भेजने के झूठे लालच देकर अपने जाल में फंसाने की कोशिश करती है।

उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे ऐसे तत्वों के बहकावे में न आएं, मेहनत और ईमानदारी का रास्ता अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब पुलिस सीमा पार से संचालित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है और राज्य की शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्क है।