Site icon Live Bharat

अमृतसर एयरपोर्ट रोड पर तीन साल से अधूरा पड़ा पुल बना मुसीबत, लोगों ने किया जोरदार प्रदर्शन

रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 23-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर, पंजाब: अमृतसर के एयरपोर्ट रोड से जुड़े क्षेत्र में पिछले करीब तीन वर्षों से अधूरा पड़ा पुल स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। पुल निर्माण कार्य लंबे समय से रुका होने के चलते इलाके में लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्र के लोगों, ग्रामीणों और पूर्व पार्षद मलकीत सिंह वल्ला की अगुवाई में जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुल निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अधूरे पुल के कारण रोजाना हजारों वाहन जाम में फंसते हैं, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व पार्षद मलकीत सिंह वल्ला ने कहा कि पुल निर्माण को लेकर वह पहले भी कई बार संघर्ष और धरने कर चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य कुछ दिन चलने के बाद फिर बंद हो जाता है और मजदूर साइट छोड़कर चले जाते हैं। उन्होंने संबंधित विभाग और सरकार से मांग की कि इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि अधूरे पुल के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Exit mobile version