‘अगर पानी की निकासी नहीं हो सकती तो सरकार थोड़ा और पानी छोड़कर यहां नावें ही चला दे, टिकटें बेचकर अच्छी कमाई हो जाएगी’ — अकाली नेता राजा लदेह का तीखा तंज
गुरु नगरी अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (राजासांसी) के बाहर इन दिनों बदहाल व्यवस्था की तस्वीर देखने को मिल रही है। देश-विदेश से श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन करने पहुंचने वाले हजारों पर्यटकों, एनआरआई और श्रद्धालुओं का स्वागत फूलों से नहीं, बल्कि अजनाला-अमृतसर मुख्य मार्ग पर जमा गंदे और बदबूदार पानी के ‘मिनी समंदर’ से हो रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा होने के बावजूद इसके मुख्य द्वार के बाहर के हालात किसी पिछड़े गांव के तालाब से कम नहीं हैं। सड़क पर जमा गंदा पानी मौजूदा सरकार और प्रशासन के विकास के बड़े-बड़े दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।
सड़क पर पानी छोड़कर बोटिंग शुरू करवाए सरकार : अकाली नेता राजा लदेह का तंज
एयरपोर्ट के बाहर बने इस ‘अंतरराष्ट्रीय छप्पड़’ को लेकर अब राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है। शिरोमणि अकाली दल के अमृतसर देहाती अध्यक्ष राजविंदर सिंह राजा लदेह ने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे सरकार की बड़ी नाकामी करार दिया है।
उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जब से यह सड़क बनी है, तब से लेकर आज तक मौजूदा सरकार और संबंधित विभाग गंदे पानी की निकासी का कोई स्थायी समाधान नहीं कर पाए हैं।
राजा लदेह ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “अगर सरकार से यह पानी नहीं निकाला जा रहा तो मेरी सलाह है कि परेशान होने की बजाय इस सड़क पर थोड़ा और पानी छोड़ दिया जाए और यहां नावें चला दी जाएं। इससे लोगों और यात्रियों को एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही सड़क पार करने का नया अनुभव मिलेगा। साथ ही बोटिंग की टिकटें बेचकर पंजाब सरकार अच्छी कमाई भी कर सकेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि अकाली सरकार के कार्यकाल के दौरान इस हलके और एयरपोर्ट के आसपास रिकॉर्ड विकास कार्य करवाए गए थे, लेकिन मौजूदा सरकार की गलत नीतियों के कारण आज गुरु नगरी का मुख्य प्रवेश द्वार ही गंदगी का अड्डा बनकर रह गया है। इससे पूरी दुनिया में पंजाब की छवि खराब हो रही है।
विदेशी मेहमानों के लिए ‘मुफ्त स्पा’ और प्रशासन गहरी नींद में
सड़क पर जमा गंदे पानी ने आम राहगीरों के साथ-साथ आसपास के दुकानदारों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। बाहर से आने वाले पर्यटकों और एनआरआई के मन में प्रदेश की पहली तस्वीर ही निराशाजनक बन रही है।
कपड़ों पर पड़ रहे ‘विकास’ के छींटे: तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने से सड़क पर जमा काला और गंदा पानी राहगीरों तथा विदेशों से आने वाले एनआरआई के महंगे कपड़ों पर पड़ रहा है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बदबू और मच्छरों से लोग परेशान: एयरपोर्ट के बाहर जमा पानी से उठने वाली तेज बदबू और मच्छरों के कारण आसपास के दुकानदारों तथा राहगीरों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों को बीमारी फैलने का भी डर सता रहा है।
टूट रही सड़क, हादसों का खतरा: लगातार पानी जमा रहने के कारण करोड़ों रुपये की लागत से बनी मुख्य सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है। सड़क पर पानी खड़ा रहने से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
काले शीशों के पीछे सोया प्रशासन: स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों के अधिकारी, जिला प्रशासन और सत्ताधारी नेता रोजाना इसी महत्वपूर्ण रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। ऐसा लगता है कि सरकारी गाड़ियों के काले शीशों के पीछे से यह ‘झील’ दिखाई ही नहीं देती।
स्थानीय लोगों की चेतावनी : ‘झील घोषित करो या समस्या का समाधान करो’
राजा लदेह सहित स्थानीय निवासियों, टैक्सी यूनियन और सामाजिक संगठनों ने सरकार तथा प्रशासन से मांग की है कि या तो इस अंतरराष्ट्रीय सड़क को बाकायदा ‘राज्य स्तरीय झील’ घोषित कर यहां नावें चलाने का उद्घाटन कर दिया जाए या फिर प्रशासन अपनी गहरी नींद से जागकर सीवरेज और पानी की निकासी का स्थायी प्रबंध करे।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस नारकीय स्थिति से राहत नहीं दिलाई गई तो वे सरकार और प्रशासन के खिलाफ तीखा संघर्ष शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
फोटो कैप्शन:
1 और 2. अमृतसर एयरपोर्ट रोड पर जमा गंदे और बदबूदार पानी के दृश्य।
- शिरोमणि अकाली दल के अमृतसर देहाती अध्यक्ष राजविंदर सिंह राजा लदेह की फाइल फोटो।
