लाइव भारत / अमृतसर 30 -अप्रैल (मनी शर्मा)
अमृतसर से सांसद अमृतपाल सिंह को आज एक बार फिर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अजनाला अदालत में पेश किया गया। इससे पहले अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था।
आज की सुनवाई के दौरान पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में चालान पेश किया। इसके बाद अदालत ने इस मामले का ट्रायल अमृतसर की सेशन कोर्ट में स्थानांतरित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
2 मई से शुरू होगा ट्रायल: मामले की जानकारी देते हुए एडवोकेट रीतू राज सिंह संधू ने बताया कि आज अमृतपाल सिंह की न्यायिक हिरासत की तारीख थी, जिसके चलते उनकी पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराई गई। उन्होंने बताया कि अब इस केस की सुनवाई अमृतसर सेशन कोर्ट में होगी, जहां 2 मई से ट्रायल की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सभी आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी: एडवोकेट के अनुसार, एफआईआर नंबर 39 से जुड़े इस मामले में अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और उन्हें अदालत में पेश किया जा चुका है। अमृतपाल सिंह इस केस के अंतिम आरोपी थे, जिनकी पेशी आज पूरी हुई।
असम जेल में ही रहेंगे अमृतपाल सिंह: अदालत के निर्देशों के मुताबिक अमृतपाल सिंह को असम की जेल में ही न्यायिक हिरासत में रखा जाएगा। उनकी अगली पेशियां भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही होंगी।
रिकवरी को लेकर नहीं मिला ठोस सबूत: एडवोकेट संधू ने स्पष्ट किया कि इस मामले में पुलिस को अमृतपाल सिंह से किसी तरह की कोई बरामदगी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पहले वाहनों और हथियारों की बरामदगी के दावे किए जा रहे थे, लेकिन जांच के दौरान कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया।
इसी कारण पुलिस को केवल दो दिन का रिमांड मिला और एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर ली गई। अब इस मामले की अगली सुनवाई 2 मई को अमृतसर सेशन कोर्ट में होगी, जहां से ट्रायल की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इस केस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
