रिपोर्ट: लाइव भारत / गुरदासपुर 25-जुलाई (मनी शर्मा)
गुरदासपुर। बीते कुछ दिनों से डेरा बाबा नानक और गांव घोनेवाल के पास रावी नदी के जलस्तर को लेकर सोशल मीडिया पर कई भ्रामक वीडियो और रीलें वायरल हो रही हैं। इन वीडियो में नदी के जलस्तर को लेकर बाढ़ जैसे हालात होने का दावा किया जा रहा है, जिससे रावी नदी से सटे सीमावर्ती गांवों के लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया है।हालांकि, ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने इन दावों को पूरी तरह निराधार बताया। ग्रामीणों का कहना है कि फिलहाल रावी नदी का जलस्तर पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की घबराने वाली स्थिति नहीं है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र के निवासी पहले ही प्राकृतिक आपदाओं और पूर्व में आई बाढ़ के कारण भारी नुकसान झेल चुके हैं। उनका कहना है कि उस नुकसान की भरपाई आज तक नहीं हो सकी है। इसलिए झूठी अफवाहें फैलाकर लोगों में दहशत पैदा करना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। ग्रामीणों ने प्रशासन और आम जनता से अपील की कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें और सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक वीडियो से बचें।
