Site icon Live Bharat

मानहानि केस में बिक्रम मजीठिया की अदालत में पेशी, फैसले का इंतजार

लाइव भारत / मनी शर्मा अमृतसर- 23-अप्रैल -2026

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया मानहानि मामले में आज अमृतसर की अदालत में पेश हुए। पेशी के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अब अदालत के फैसले का इंतजार किया जा रहा है।

मजीठिया ने कहा कि इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले ही उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के लिए माफी मांग चुके हैं, जिसकी कानूनी प्रक्रिया भी दर्ज है। उन्होंने यह भी बताया कि केजरीवाल के साथ-साथ पार्टी के अन्य नेताओं ने भी माफी मांगी थी, जिससे मामला काफी हद तक स्पष्ट हो जाता है। फिलहाल केस एक टिप्पणी के आधार पर जारी है और अंतिम निर्णय अदालत के फैसले के बाद ही होगा।इस दौरान मजीठिया ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए पंजाब में बढ़ रहे बिजली कटों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के कारण आम जनता, किसान और उद्योग काफी परेशान हैं। उनका दावा था कि अकाली दल के शासनकाल में पंजाब पावर सरप्लस राज्य था, जहां 24 घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन मौजूदा सरकार के दौरान स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने बिजली बोर्ड से जुड़े मामलों की उच्च स्तरीय जांच की मांग भी की।इसके अलावा, मजीठिया ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू और दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्या मामले को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसी अपराधी का महिमामंडन नहीं होना चाहिए और मूसेवाला के परिवार की भावनाओं का सम्मान किया जाना जरूरी है।

उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं सरकार की विफलता को दर्शाती हैं। अंत में उन्होंने कहा कि राज्य में हालात सुधारने के लिए सरकार को ठोस और गंभीर कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और कानून व्यवस्था बेहतर हो सके।

 

 

Exit mobile version