मजीठा में ड्रग तस्कर के घर पर चला बुलडोजर, पुलिस और नगर काउंसिल की संयुक्त कार्रवाई

0
36
रिपोर्ट: लाइव भारत डेस्क / अमृतसर 13-मई (मनी शर्मा) 

अमृतसर ग्रामीण के हल्का मजीठा स्थित खासा पत्ती इलाके में बुधवार को पुलिस प्रशासन और नगर काउंसिल की ओर से बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित ड्रग तस्करों से जुड़े एक परिवार की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल, नगर काउंसिल अधिकारी और ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौके पर मौजूद रहे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मजीठा के वार्ड नंबर-4 में स्थित एक मकान पर की गई, जिसे नगर काउंसिल द्वारा पहले ही अवैध निर्माण घोषित किया जा चुका था। प्रशासन की ओर से संबंधित परिवार को निर्माण स्वयं हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा के बीच डिमोलिशन अभियान चलाया।

मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी अमृतसर ग्रामीण सुहेल मीर ने बताया कि उक्त मकान में सुनील और उसका भाई करण उर्फ कन्नू रहते थे। सुनील के खिलाफ हरियाणा में यूएपीए एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह फिलहाल जेल में बंद है। वहीं करण उर्फ कन्नू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें व्यावसायिक मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी से जुड़े केस भी शामिल हैं।

एसएसपी ने कहा कि पंजाब सरकार की “युद्ध नशों के विरुद्ध” मुहिम के तहत ड्रग तस्करी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मजीठा क्षेत्र में यह पहली बार है जब किसी कथित ड्रग तस्कर से जुड़ी संपत्ति को गिराया गया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह अवैध निर्माण के आधार पर की गई है। बिना मंजूरी या नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए निर्माणों के खिलाफ पहले नोटिस जारी किया जाता है और उसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर डिमोलिशन किया जाता है।

प्रशासन के मुताबिक इलाके में अन्य संदिग्ध संपत्तियों की भी जांच जारी है और जहां कहीं भी अवैध कब्जे या गैर-कानूनी निर्माण पाए जाएंगे, वहां कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।