भारतीय योग संस्थान द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया

0
13
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 21-जून (मनी शर्मा)

अमृतसर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय योग संस्थान की ओर से अमृतसर के कश्मीर एवेन्यू पार्क में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षिका अंजना सरीन की अगुवाई में किया गया। सुबह आयोजित इस विशेष योग सत्र में सैकड़ों महिला एवं पुरुष साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया गया, जिससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा मानसिक तनाव को भी दूर किया जा सकता है।

भारतीय योग संस्थान पिछले लगभग 60 वर्षों से योग सेवा के माध्यम से समाज को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व को जनसाधारण तक पहुंचाने का संदेश दिया।
भारतीय योग संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्थान की ओर से संचालित सभी योग कक्षाएं पूर्णतः निःशुल्क हैं। योग सीखने और सिखाने के इस अभियान में किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाती। संस्थान का उद्देश्य केवल लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना और योग को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि भारतीय योग संस्थान में जाति, धर्म, वर्ग, भाषा अथवा किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता। सभी आयु वर्ग एवं सभी समुदायों के लोगों का समान रूप से स्वागत किया जाता है। संस्थान “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना के साथ समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए कार्य कर रहा है तथा पिछले 60 वर्षों से निःस्वार्थ भाव से योग की सेवा दे रहा है।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ और निरोगी समाज का निर्माण किया जा सके।