फतेहगढ़ चूड़ियां में चली गोली, कांग्रेस पार्षद के चाचा गंभीर घायल; अमृतसर रेफर

0
10
रिपोर्ट लाइव भारत 31-08-2026 (मनी शर्मा)

फतेहगढ़ चूड़ियां में उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने एक व्यक्ति पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से अमरजीत सिंह दियो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए फतेहगढ़ चूड़ियां के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, *वार्ड नंबर 5 के कांग्रेस पार्षद रणजीत सिंह गियो के चाचा अमरजीत सिंह दियो* स्टेशन रोड से अजनाला रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उन्हें रोक लिया और उन पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली अमरजीत सिंह के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही *फतेहगढ़ चूड़ियां के डीएसपी ललित कुमार और एसएचओ गुरिंदर सिंह ढिल्लों पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे* और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल अमरजीत सिंह के भतीजे गुरप्रीत सिंह और नगर काउंसिल प्रधान कुलविंदर सिंह लाली ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अमरजीत सिंह अपने काम से जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें रास्ते में रोककर गोली मार दी।

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा

मामले को लेकर डीएसपी ललित कुमार ने कहा कि पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। *जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।* पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, गोली चलने की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।