Site icon Live Bharat

गुरदासपुर में मशहूर दुकान से ग्रेनेड मिलने के बाद हाई अलर्ट, पुलिस ने कसी सुरक्षा व्यवस्था

लाइव भारत / अमृतसर 30-अप्रैल (मनी शर्मा)

गुरदासपुर शहर की एक मशहूर दुकान से ग्रेनेड मिलने की घटना के बाद पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। सोमवार रात अशोका ट्रेडर्स नामक दुकान से ग्रेनेड बरामद होने के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

घटना के बाद से ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक सड़कों पर सक्रिय नजर आ रहे हैं और विभिन्न स्थानों पर विशेष नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर के एंट्री पॉइंट्स समेत कई अहम जगहों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है।

*हनुमान चौक पर लगाया गया विशेष नाका*
बीती रात हनुमान चौक पर एसपी जुगराज सिंह की अगुवाई में विशेष नाका लगाया गया। इस दौरान डीएसपी शाहबाज सिंह, सिटी थाना प्रभारी दविंदर प्रकाश और सदर थाना प्रभारी अमनदीप सिंह भी मौजूद रहे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इसे रूटीन चेकिंग बताया है।
*पुलिस ने बढ़ाई चौकसी*
एसपी जुगराज सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि पूरे गुरदासपुर जिले में लगातार विशेष नाकाबंदी कर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी जाएगी।
*व्यापारियों को घबराने की जरूरत नहीं*
पुलिस ने शहर के लोगों, खासकर व्यापारियों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। शरारती तत्वों की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
*जल्द सुलझेगा मामला*
अधिकारियों के अनुसार, ग्रेनेड मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा। घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। फिलहाल, पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और पूरे जिले में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
Exit mobile version