रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 29-मई (मनी शर्मा)
पंजाब के गुरदासपुर जिले में मुकेरियां-गुरदासपुर रोड पर स्थित कस्बा पुराना शाला के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां सड़क पर बने बेतरतीब डिवाइडर से टकराकर एक तेल से भरा टैंकर पलट गया, जबकि एक नई थार रॉक्स कार भी इसी डिवाइडर की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने से स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
जानकारी के अनुसार एचपी ऑयल कंपनी का टैंकर जालंधर डिपो से तेल लेकर दीनानगर के एक पेट्रोल पंप पर सप्लाई देने गया था। टैंकर चालक ने बताया कि तेल खाली करने के बाद वह वापस जालंधर लौट रहा था। रात करीब 10 बजे जब वह पुराना शाला बाजार से गुजर रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रोशनी वाली गाड़ी के कारण उसे सड़क के बीच बना बड़ा डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और टैंकर सीधा उससे टकरा गया।
हादसा इतना भयानक था कि टैंकर के परखच्चे उड़ गए और उसका केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक को मामूली चोटें आईं और उसकी जान बच गई। चालक के अनुसार इस हादसे में लगभग 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
इसी दौरान मुकेरियां से गुरदासपुर जा रही एक नई थार रॉक्स कार भी उसी डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह डिवाइडर पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है। आए दिन वाहन इससे टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जिससे लोगों का भारी जान-माल का नुकसान हो रहा है। बावजूद इसके प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक डिवाइडर को जल्द से जल्द सही तरीके से व्यवस्थित किया जाए और सड़क पर उचित संकेतक व रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
