लाइव भारत / 02-मई (मनी शर्मा)
गुरदासपुर/दसूहा पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी स्कूल की कथित सख्त सजा से परेशान होकर 15 वर्षीय छात्र ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, ब्लॉक काहनूवान के गांव झंडा लुबाणा निवासी नवजोत सिंह, कस्बा दसूहा के एक नामी निजी स्कूल में पढ़ता था। 27 अप्रैल को स्कूल प्रबंधन द्वारा उसे किसी मामूली गलती के लिए कड़ी सजा दी गई। आरोप है कि छात्र को दो पीरियड तक तेज धूप में खड़ा रखा गया।
इस सजा से मानसिक रूप से आहत होकर नवजोत सिंह ने जहरीली दवा निगल ली। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई।
परिवार ने बेहद दर्दनाक माहौल में नवजोत का अंतिम संस्कार किया। परिजनों ने उसे दूल्हे की तरह सजा कर अंतिम विदाई दी, जिसने पूरे इलाके को भावुक कर दिया।
अंतिम संस्कार में पहुंचे स्कूल के अन्य छात्रों ने भी स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्कूल में अक्सर छात्रों के साथ सख्ती और गलत व्यवहार किया जाता है। छात्रों और परिजनों ने प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, भैणी मियां खान के डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
