गुरदासपुर में देर रात तक स्पेशल नाकाबंदी, ट्रैफिक पुलिस ने काटे कई चालान

0
62
रिपोर्ट: लाइव भारत / गुरदासपुर 13-मई (मनी शर्मा)

गुरदासपुर पंजाब में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए गुरदासपुर जिला पुलिस लगातार देर रात तक विशेष नाकाबंदी अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बीती रात गुरदासपुर शहर के हनुमान चौक पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा स्पेशल नाका लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में वाहनों की जांच की गई।

इस विशेष नाकाबंदी की अगुवाई ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज सतनाम सिंह ने की, जबकि डीएसपी सिटी शाहबाज सिंह ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुलिस टीम ने काले शीशों और जालियों वाली गाड़ियों, दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग करने वालों, तेज आवाज वाले बुलेट मोटरसाइकिल चालकों तथा अधूरे दस्तावेज रखने वाले वाहन चालकों के चालान काटे। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों की भी गहन जांच की गई।

ट्रैफिक इंचार्ज सतनाम सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार स्पेशल नाकाबंदी की जा रही है ताकि शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें।

वहीं डीएसपी सिटी शाहबाज सिंह ने पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।