Site icon Live Bharat

गुरदासपुर के गांव आदियां पुलिस चौकी में दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी मुठभेड़ में ढेर

गुरदासपुर के गांव आदियां पुलिस चौकी में दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी मुठभेड़ में ढेर

गुरदासपुर 25-02-2026 (मनी शर्मा ) गुरदासपुर के गांव आदियां स्थित पुलिस चौकी में दो पुलिस मुलाजिमों की गोली मारकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले को पुलिस ने लगभग सुलझा लिया है। इस मामले में तीन आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से एक आरोपी दिलावर सिंह (गांव आली नंगल) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दिलावर सिंह ने वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों — रणजीत सिंह और इंद्रजीत सिंह (गांव आदियां) — को घटना के बाद अपने घर में शरण दी थी।

मुठभेड़ में आरोपी रणजीत सिंह की मौत

पुलिस के अनुसार फरार चल रहे आरोपी रणजीत सिंह का पुलिस के साथ मुठभेड़ में एनकाउंटर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान रणजीत सिंह की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि रणजीत सिंह शहीद बीबी सुंदरी गुरुद्वारा साहिब के नजदीक छिपा हुआ है। इसके बाद सीआईए टीम ने इलाके की घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से उसकी मौत हो गई।

सीआईए स्टाफ इंचार्ज गुरमीत सिंह घायल

मुठभेड़ के दौरान सीआईए स्टाफ के इंचार्ज गुरमीत सिंह भी घायल हो गए। उनके कंधे में गोली लगी जो आर-पार हो गई। फिलहाल उनका इलाज सरकारी अस्पताल गुरदासपुर में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

तीसरे आरोपी की तलाश जारी

मामले में तीसरे आरोपी इंद्रजीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि गांव आदियां पुलिस चौकी में दो पुलिस मुलाजिमों की हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version