Site icon Live Bharat

खासा आर्मी कैंप के बाहर IED ब्लास्ट से हड़कंप, विधायक जसविंदर सिंह रमदास ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

लाइव भारत / अमृतसर 06-मई (मनी शर्मा)

अमृतसर के अटारी-वाघा बॉर्डर रोड स्थित खासा आर्मी कैंप के बाहर देर रात हुए IED ब्लास्ट के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी और बढ़ा दी गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच में जुटी हुई हैं।

घटना के मद्देनजर अटारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जसविंदर सिंह रमदास मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।

मीडिया से बातचीत के दौरान रमदास ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी एक नजरिए से नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि इस मामले की पूरी सच्चाई केवल जांच एजेंसियों और सरकारी अधिकारियों द्वारा ही सामने लाई जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 21 दिनों में दो अलग-अलग स्थानों पर धमाके होना बेहद गंभीर मामला है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

रमदास ने कहा कि ऐसी घटनाएं लोगों में डर का माहौल पैदा करती हैं और संभव है कि कुछ ताकतें जानबूझकर भय फैलाने की कोशिश कर रही हों। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार एजेंसियां अपनी जांच प्रक्रिया के तहत सक्रिय रहती हैं, लेकिन वास्तविक सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आती है।

राजनीतिक पहलू पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि ऐसे मामलों में सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले को लेकर सतर्क है और दोषियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं, इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व ऐसी घटनाओं को अंजाम देने में सफल हो जाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा और दोषियों को कानून के कटघरे में लाया जाएगा।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी गई है तथा लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। पुलिस और जांच एजेंसियों द्वारा मामले की जांच जारी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।

 

Exit mobile version