कलानौर में करोड़ों की सरकारी इमारतें उद्घाटन का इंतजार कर रहीं, अस्पताल और तहसील भवन पड़े बंद

0
12
रिपोर्ट :लाइव भारत / अमृतसर 09-मई (मनी शर्मा)

करोड़ों की मशीनें हो रहीं खराब, CCTV कैमरे भी बंद पड़े — सांसद सुरजिंदर सिंह रंधावा

पंजाब के जिला गुरदासपुर के कस्बा कलानौर में करोड़ों रुपये की लागत से बने सरकारी प्रोजेक्ट लंबे समय से उद्घाटन और संचालन का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल और तहसील की नई इमारतें तैयार होने के बावजूद अब तक जनता के लिए शुरू नहीं की गईं, जिससे सरकारी संसाधनों का भारी नुकसान हो रहा है।

कांग्रेस सांसद सरदार सुरजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि कलानौर में लंबे समय पहले तैयार हुई अस्पताल की बिल्डिंग का अब तक ताला भी नहीं खोला गया। अस्पताल में लगाई गई लाखों-करोड़ों रुपये की मशीनों के पार्ट खराब होने लगे हैं, जबकि लंबे समय से जनरेटर तक चालू नहीं किया गया।

उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी नई तहसील बिल्डिंग का भी अब तक उद्घाटन नहीं किया गया है। आरोप है कि खाली पड़ी इमारतों का गलत इस्तेमाल हो रहा है और प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।

सांसद रंधावा ने यह भी कहा कि शहर में असामाजिक घटनाओं पर नजर रखने के लिए लगाए गए CCTV कैमरे भी बंद पड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि कैमरों ने भी “सिर झुका लिया है”, क्योंकि लंबे समय से उनकी देखरेख और मरम्मत नहीं हुई।

उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि जनता के टैक्स के पैसे से बने इन प्रोजेक्ट्स को जल्द शुरू किया जाए ताकि लोगों को स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।