रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 9-जुलाई (मनी शर्मा)
अमृतसर में अचानक निरीक्षण के दौरान SHO की बड़ी लापरवाही आई सामने
अमृतसर ग्रामीण पुलिस में उस समय बड़ा मामला सामने आया जब बॉर्डर रेंज के डीआईजी *हरमनबीर सिंह गिल* ने जिले के विभिन्न पुलिस थानों का औचक निरीक्षण किया। इसी दौरान जब डीआईजी राजासांसी थाना पहुंचे तो वहां तैनात थाना प्रभारी (SHO) की गंभीर लापरवाही सामने आई।
जानकारी के अनुसार, संबंधित SHO की ड्यूटी पुलिस नाके पर लगी हुई थी, लेकिन निरीक्षण के समय वह अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित मिला। आरोप है कि SHO शराब के नशे में अपने सरकारी कमरे में आराम कर रहा था। डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने मौके पर ही मामले का संज्ञान लेते हुए SHO के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
पुलिस अधिकारियों को दिया सख्त संदेश
डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस अधिकारियों की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह सभी पुलिस थानों और नाकों की अचानक चेकिंग की जाएगी, ताकि पुलिस व्यवस्था मजबूत रहे और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप का माहौल है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
