अमृतसर में जल्द शुरू होंगे ऑनलाइन चालान, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर CCTV कैमरों से रहेगी नजर

0
43
रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 16-मई (मनी शर्मा)

1300 CCTV कैमरों की मदद से कटेंगे ऑनलाइन चालान, ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की

Amritsar में जल्द ही ऑनलाइन ट्रैफिक चालान प्रणाली शुरू होने जा रही है। शहरभर में लगे करीब 1300 CCTV कैमरों की मदद से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नजर रखी जाएगी और नियम तोड़ने वालों के ऑटोमैटिक ऑनलाइन चालान काटे जाएंगे।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एडीसीपी ट्रैफिक इंचार्ज Amandeep Kaur ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में अमृतसर में ऑनलाइन चालान व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में लगाए गए CCTV कैमरे ट्रैफिक नियमों की निगरानी करेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक सिग्नल पर वाहन चालकों को स्टॉप लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग के पीछे अपने वाहन रोकने होंगे। यदि कोई वाहन चालक स्टॉप लाइन या जेब्रा लाइन को पार करता हुआ पाया गया, तो उसका भी ऑनलाइन चालान किया जाएगा।

एडीसीपी ने कहा कि कई बार देखा जाता है कि चालान होने के बाद लोग ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों के साथ बहस और झगड़ा करने लगते हैं, लेकिन अब CCTV कैमरों के जरिए दूर से ही वाहन का नंबर और उसकी स्थिति रिकॉर्ड हो जाएगी। यदि वाहन जेब्रा लाइन के आगे खड़ा पाया गया तो सिस्टम के माध्यम से ऑटोमैटिक चालान जारी कर दिया जाएगा।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें तथा ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें, ताकि किसी प्रकार के चालान से बचा जा सके।