अमृतसर में खड़े ट्रक से ड्राइवर का शव मिलने से सनसनी

0
26

लाइव भारत / अमृतसर 29-अप्रैल (मनी शर्मा)

तरनतारन से गेहूं लेकर निकला ड्राइवर संदिग्ध हालात में मृत मिला

पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू की, दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा

थाना सी डिवीजन क्षेत्र के पास उस समय सनसनी फैल गई जब एक खड़े ट्रक के अंदर से ड्राइवर का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक ड्राइवर की पहचान तरनतारन जिले के निवासी के रूप में हुई है। ट्रक मालिक रमन कुमार राजू के अनुसार, उनकी गाड़ी रात के समय गेहूं लोड करके कपूरथला के लिए रवाना हुई थी। लेकिन सुबह जब उन्होंने जीपीएस चेक किया तो ट्रक अमृतसर में खड़ा दिखाई दिया। इसके बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो ड्राइवर ट्रक के अंदर मृत अवस्था में मिला।

उन्होंने बताया कि मृतक के छोटे-छोटे बच्चे हैं और परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए। ट्रक मालिक ने कहा कि ड्राइवर रात को निकलते समय सुबह घर पहुंचने की बात कर रहा था, लेकिन अचानक यह दुखद घटना हो गई। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

वहीं, एसपी विशालजीत सिंह ने बताया कि गुलाली गेट के पास एक लावारिस खड़े ट्रक की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसीपी और थाना सी डिवीजन की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ट्रक के अंदर से एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान ड्राइवर के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, ट्रक तरनतारन मंडी से गेहूं लोड कर अपनी मंजिल की ओर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही अमृतसर में लावारिस हालत में खड़ा मिला। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।