लाइव भारत / मनी शर्मा अमृतसर- 23-अप्रैल -2026
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा है कि शहर में माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों पर पुलिस कड़ी नजर बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे तत्व चाहे बाहर बैठकर साजिश क्यों न रचें, पुलिस पूरी तरह सतर्क है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
कमिश्नर ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर के साइबर सेल और विभिन्न थानों ने हाल ही में सराहनीय काम किया है। खासकर धमकी भरे ईमेल से जुड़े मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और इससे संबंधित विस्तृत जानकारी जल्द सार्वजनिक की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पहले भी इस तरह के मामलों को सफलतापूर्वक सुलझाया गया है और भविष्य में भी ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
ब्लैकआउट मॉक ड्रिल को लेकर फैल रही अफवाहों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ एक अभ्यास (मॉक ड्रिल) है। कुछ असामाजिक तत्व इसे लेकर लोगों में डर और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
कमिश्नर भुल्लर ने अमृतसर के लोगों को भरोसा दिलाया कि “गुरु नगरी” की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और सतर्कता के साथ निभा रही है और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही उसका मुख्य उद्देश्य है।
—
