Site icon Live Bharat

अमृतसर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, धार्मिक स्थलों पर टेका माथा श्री राम तीर्थ और दुर्गियाना मंदिर को बताया पवित्र जगह

लाइव भारत / अमृतसर 04-मई (मनी शर्मा)

पंजाब सरकार पर तीखा हमला, विधानसभा घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण केजरीवाल और ‘आप’ पर निशाना, कहा—भ्रष्टाचार का असली चेहरा सामने

आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता तरुण चुघ अमृतसर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने श्री राम तीर्थ और दुर्गियाना मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अमृतसर धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण भूमि है। उन्होंने कहा कि यह वही पवित्र स्थान है जहां भगवान वाल्मीकि जी ने अपना आश्रम बनाया था और माता सीता जी भी यहां निवास करती थीं।

उन्होंने आगे कहा कि इस धरती से कई पौराणिक कथाएं जुड़ी हुई हैं और यह स्थान आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है। यहां आकर मन को शांति मिलती है और यह स्थान सदियों से लोगों को आत्मिक शक्ति प्रदान करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह भूमि देवभूमि के रूप में जानी जाती है और यहां आकर आशीर्वाद लेना अपने आप में सौभाग्य की बात है।

इस दौरान तरुण चुघ ने राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने पंजाब विधानसभा में हाल ही में हुई घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पवित्र सदन में जो कुछ हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग नशे के खिलाफ लड़ाई की बात करते हैं, वही इस तरह के व्यवहार में लिप्त नजर आ रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।

उन्होंने आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं और कई नेता पार्टी छोड़ रहे हैं, जिससे पार्टी का असली चेहरा उजागर हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।
तरुण चुघ ने पश्चिम बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने अपना फैसला कर लिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में देश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

Exit mobile version