Site icon Live Bharat

अमृतसर देहाती पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 किलो हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, दुबई कनेक्शन का खुलासा

लाइव भारत / अमृतसर 30 -अप्रैल (मनी शर्मा)

पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर देहाती पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अमृतसर–जालंधर हाईवे पर स्थित अड्डा मनावाला के पास की गई। सूचना मिली थी कि इलाके में नशे की बड़ी खेप पहुंचने वाली है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

दुबई से चल रहा था नेटवर्क : प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दुबई (यूएई) में बैठे एक हैंडलर के निर्देश पर तस्करी कर रहा था। इस हैंडलर की पहचान अंतरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर के सुल्तानविंड इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, अंतरप्रीत सिंह के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और पूरे ड्रग नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

नशा मुक्त पंजाब के लिए अभियान जारी पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ड्रग तस्करों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे, ताकि पंजाब से नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

Exit mobile version