रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 23-मई (मनी शर्मा)
घर के रास्ते और गेट को लेकर बढ़ा विवाद, इलाके में तनाव; पुलिस जांच में जुटी
अमृतसर के रामसर रोड इलाके में घर के गेट और रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब दो पक्षों के बीच झड़प के बाद फायरिंग की घटना सामने आई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और एहतियात के तौर पर बाजार की कई दुकानों को बंद करवा दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रण में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, Gurdwara Shaheedan Sahib के नजदीक स्थित रामसर रोड पर एक परिवार और आसपास के लोगों के बीच घर के प्रवेश द्वार और रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि संबंधित पक्ष पुराने रास्ते की बजाय नया रास्ता और गेट बनाने की कोशिश कर रहा था, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि विवादित पक्ष द्वारा मौके पर कुछ निहंग सिंहों को बुलाया गया, जिन्होंने कथित तौर पर पुरानी दीवार तोड़कर नया गेट लगाने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब मौके पर गोली चलने की घटना हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में होने के कारण लोगों में भय का माहौल बन गया। हालात बिगड़ते देख कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। बाद में दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां भी जमकर हंगामा हुआ।
