Site icon Live Bharat

अमृतसर के पन्नू चौक में खूनी झड़प, किरपानों और तेजधार हथियारों से हमला, कई घायल

रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 23-मई (मनी शर्मा)

पुरानी रंजिश में दो गुट आमने-सामने, महिलाओं समेत कई लोग जख्मी

अमृतसर, पंजाब: अमृतसर के ढाब वस्ती इलाके में स्थित पन्नू चौक के पास शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच खूनी झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने किरपानों और अन्य तेजधार हथियारों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस हिंसक घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई थी, लेकिन थोड़ी ही देर में मामला हिंसक रूप ले बैठा। बताया जा रहा है कि एक पक्ष ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद गली में जमकर हमला हुआ। हमलावरों ने अंधाधुंध वार किए, जिससे कई लोग लहूलुहान हो गए।

महिला पर भी हमला, चेन छीनने का आरोप

घटना में घायल हुई प्रिया गांधी नामक महिला ने आरोप लगाया कि वह अपने घर के बाहर खड़ी थी, तभी हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। महिला का कहना है कि झगड़े से उसका कोई लेना-देना नहीं था, इसके बावजूद उसे निशाना बनाया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान उसकी चेन छीन ली गई।

लोगों में दहशत, गली में फैला खून

स्थानीय निवासियों के मुताबिक हमलावरों ने महिलाओं और युवकों पर बेरहमी से हमला किया। एक महिला को गंभीर चोटें लगने की सूचना भी सामने आई है। लोगों का कहना है कि पूरी गली खून से भर गई थी और डर के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पाए।

पुलिस की देरी पर उठे सवाल

घटना के बाद इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे से अधिक समय तक मौके पर नहीं पहुंची। इससे नाराज लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में ले लिया। मीडिया से बातचीत में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पन्नू चौक में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Exit mobile version