रिपोर्ट: लाइव भारत / अमृतसर 29-मई (मनी शर्मा)
अमृतसर के कोट आत्मा राम इलाके में उस समय दहशत का माहौल बन गया जब मामूली विवाद देखते ही देखते गोलीबारी में बदल गया। इस घटना में आम आदमी पार्टी से जुड़े जयपाल सिंह और नरेंद्र सिंह घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
घटना के बाद आम आदमी पार्टी के दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर भी अस्पताल पहुंचे और घायल जयपाल सिंह का हालचाल जाना। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनके क्षेत्र में फायरिंग हुई है और जयपाल सिंह अमनदीप अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों से मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
डॉ. निज्जर ने बताया कि जयपाल सिंह आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ वॉलंटियर हैं और पहले चुनाव भी लड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के असली कारण सामने आएंगे। फिलहाल किसी भी तरह की राजनीतिक रंजिश की पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं वार्ड नंबर 47 के पार्षद वरपाल सिंह बब्बर ने बताया कि जयपाल सिंह उनके करीबी साथी हैं और आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार गाड़ी पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। उन्होंने बताया कि फायरिंग के दौरान जयपाल सिंह को गोली लगी, जबकि मौके पर कई राउंड फायर किए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जयपाल सिंह के बेटे पर भी हमला करने की कोशिश की गई।
उधर थाना बी डिवीजन के पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह ओलख ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना कोट आत्मा राम इलाके में हुई। उनके मुताबिक करण नामक युवक और तजिंदर सिंह के बीच गाड़ी पार्क करने को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई और मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से गोलियां चलीं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में जयपाल सिंह और नरेंद्र सिंह घायल हुए हैं और दोनों का इलाज जारी है। दूसरी ओर दूसरे पक्ष का दावा है कि गोली सेल्फ डिफेंस में चलाई गई थी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में फिलहाल तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
